Visitors online: 002

गुजरात की पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल होंगी मध्यप्रदेश की राज्यपाल

Home » Headlines

गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को शुक्रवार को मध्यप्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया| राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट में कहा है कि राष्ट्रपति ने आनंदीबेन पटेल को मध्यप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया है जो उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगा| आनंदीबेन (76) गुजरात की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं| वह 2014 से 2016 के बीच इस पद पर रही थी| गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली को सितंबर में मध्य प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था|
 
पटेल 2014 में गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनी थीं| उन्होंने 2015 में स्थानीय निकाय चुनाव में हुई भाजपा की हार और पाटीदार आंदोलन की वजह से अगस्त, 2016 में इस्तीफा दे दिया था| घटलोदिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली पटेल, 1987 में भाजपा में शामिल हुईं और 1990 के दशक के अंत में विधायक निर्वाचित हुईं|
 
बीते साल गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह से कहा था कि अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा नहीं है| पटेल ने चार अक्टूबर (2017) को लिखे एक पत्र में चुनाव न लड़ने का कारण अपनी उम्र (75) बताया था| उन्होंने कहा था कि योग्य और जीतने वाले उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जाए|
 
आनंदीबेन पटेल के मुख्यमंत्री के पद से हटने के बाद रूपाणी को 7 अगस्त 2016 को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया था| विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाने वाले रूपाणी दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री चुने गए| भाजपा ने विधानसभा की 182 में से 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी| रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को रंगून(अब म्यांमार) में हुआ था| उन्होंने 1987 में राजकोट का मेयर बन सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया| वह जनसंघ, राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ और भाजपा के साथ इसके उद्भव के समय से जुड़े रहे| जेपी आंदोलन में उन्होंने सौराष्ट्र अभियान का नेतृत्व किया और आपातकाल के दौरान जेल भी गए|
 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links