|
|
एक्टर और फिल्ममेकर नीरज वोरा का गुरुवार सुबह निधन हो गया| नीरज लंबे समय से बीमार चल रहे थे| पिछले साल अक्टूबर में उन्हें हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक आया था| इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में एडमिट कराया गया था| वहां वह कोमा में चले गए थे| उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था|
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नीरज का गुरुवार सुबह 4 बजे मुंबई स्थित क्रिटी केयर अस्पताल में निधन हो गया| अब उन्हें पहले फिरोज नाडियाडवाला के घर बरकत विला ले जाया जाएगा| उसके बाद आज 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा| इस बात की जानकारी देते हुए एक्टर परेश रावल ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया है|
बता दें, एम्स से उन्हें उनके दोस्त फिरोज नाडियाडवाला के घर शिफ्ट कर दिया गया था| कहा जा रहा था कि फिरोज नाडियाडवाला उनकी सारी जिम्मेदारी उठा रहे हैं| फिरोज ने जुहू स्थित अपने घर बरकत विला के एक कमरे को आईसीयू में बदल दिया था| मार्च 2017 से ही 24 घंटे एक नर्स, वॉर्ड ब्वॉय और कुक नीरज के साथ रहता था| इसके अलावा फिजियोथेरेपिस्ट, न्यूरो सर्जन, एक्यूपंक्चर थेरेपिस्ट और जनरल फिजिशियन हर हफ्ते विजिट पर आते हैं|
दरअसल, नीरज के परिवार में उनके अलावा और कोई नहीं है| नीरज की पत्नी की पहले ही मौत हो गई है और उनकी कोई संतान भी नहीं है| उनकी फैमिली में सिर्फ उनकी मां थीं| 2014 में उनकी मां की भी मृत्यू हो गई थी| खबरों की मानें तो वह जिस कमरे में रहते थे उसे उनकी फेमस फिल्मों रंगीला, विरासत, हेराफेरी, गोलमाल, दौड़ और खिलाड़ी 420 के पोस्टर्स से सजाया गया था| कमरे में टीवी भी लगा हुआ था जिसमें उनकी फेवरेट फिल्मों को दिखाया जाता था, ताकि वह जल्द से जल्द कोमा से बाहर आ सकें| लेकिन ऐसा हो नहीं पाया|
जब नीरज को अक्टूबर में ब्रेन स्ट्रोक आया तब वह फिल्म हेरा फेरी 3 पर काम कर रहे थे| इस फिल्म को फिरोज ही प्रड्यूस करने वाले थे| यहां तक की फिल्म की स्क्रिप्ट भी फाइनल हो गई थी और दिसंबर 2016 से इसकी शूटिंग शुरू की जानी थी|
फिरोज पिछले 18 सालों से नीरज को जानते थे और उन्हें कभी भी अकेले रहना पसंद नहीं रहा था| यहां तक कि वह खाना खाने के साथ फिल्में भी ग्रुप में देखना ही पंसद करते थे| उन्हें दोस्तों का साथ काफी पसंद था| बता दें कि नीरज के पिता पॉपुलर शहनाई वादक रहे हैं| हालांकि, 2005 में उनका निधन हो गया था| फिल्म इंडस्ट्री में भी आमिर खान और परेश रावल नीरज के काफी अच्छे दोस्तों में शामिल हैं|
|