|
|
अभिनेता दिलीप कुमार ने निमोनिया का इलाज कराया है| सोमवार को वह 95 वर्ष के हो गए हैं| इस बीमारी से वह पिछले कुछ समय से पीड़ित थे, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रहे हैं| दिलीप कुमार के परिवार के एक करीबी फैजल फारूकी ने अभिनेता के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, दिलीप साहब अब बहुत बेहतर हैं, उन्होंने निमोनिया का इलाज कराया है. अल्लाह का शुक्र है|
इसके बाद फारूकी ने एक पोस्ट में उनकी फोटो भी साझा की, जिसमें दिलीप कुमार बहुत कमजोर नजर आ रहे हैं| फारूकी ने लिखा, जब मैंने उनसे कहा कि उनके लिए हर दिन लाखों दुआएं, तब वह मुस्कराए| बता दें, हर साल दिलीप कुमार अपना जन्मदिन मनाते हैं लेकिन इस बार वह अपना जन्मदिन नहीं मना रहे हैं और इसकी जानकारी सायरा बानो ने ट्वीट कर दी है|
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, दिलीप कुमार के जन्मदिन पर उनके भाई, बहन और कुछ करीबी रिश्तेदार मुलाकात करते हैं और जश्न मनाते हैं| मेरा संदेश दिलीप सहाब के लिए दुआ करने वाले और उनके फैन्स तक पहुंचेगा| मेरी ओर से सबका आभार|
इसके बाद एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, मुझसे बार-बार पूछा जा रहा है कि हम उनके जन्मदिन पर क्या तैयारी कर रहे हैं| जो नहीं जानते हर साल हम आज के दिन क्या करते हैं तो मैं उन्हें बता देना चाहती हूं कि आज के दिन हमारा घर फूलों से सजे परीलोक में तब्दील हो जाता है|
हर साल दिलीप सहाब के जन्मदिन पर हमारा घर सारा दिन दोस्तों और परिजनों के लिए खुला रहता है, और वह दिलीप साब के साथ समय गुजारते है| 11 दिसंबर, 2017 को ऐसा नहीं होगा क्योंकि इन्फेक्शन की वजह से डॉक्टरों ने दिलीप सहाब को आराम करने की सलाह दी है|
बता दें, दिग्गज अभिनेता को इस साल अगस्त में शरीर में पानी की कमी के कारण हुई बीमारी के इलाज के लिए लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था| हालांकि, वह जल्द ही ठीक हो गए थे और अपने घर लौट गए थे| परिवार के एक करीबी सूत्र के मुताबिक, दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो लगातार उनके साथ हैं और उनकी देखभाल कर रही हैं|
|