|
|
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के गुजरात के सोमनाथ मंदिर में जाने पर विवाद शुरू हो गया है| विवाद की वजह यह है कि राहुल गांधी यहां गैर हिंदू की हैसियत से पहुंचे थे| हालांकि इस मामले में कांग्रेस की सफाई आई है| कांग्रेस के प्रवक्ता आरएस सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी न केवल हिंदू हैं, बल्कि वे जनेऊ धारी हैं|
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल और राहुल गांधी बुधवार को सोमनाथ मंदिर प्रशासन के दफ्तर पहुंचे और मंदिर में प्रवेश और पूजा अर्चना की इजाजत मांगी| मंदिर में एंट्री के लिए राहुल गांधी का मंदिर प्रशासन से इजाजत लेने के साथ ही विवाद शुरू हो गया| दरअसल, सोमनाथ मंदिर में हिंदुओं के प्रवेश की कोई रोकटोक नहीं है| सिर्फ गैर हिंदुओं को ही प्रवेश की इजाजत लेनी होती है| ऐसे में अहमद पटेल के साथ राहुल गांधी का भी मंदिर में प्रवेश के लिए इजाजत लेना चौंकाने वाली बात है| दर्शन के लिए जिस रजिस्टर पर राहुल और अहमद पटेल का नाम है वहां कांग्रेस के मीडिया कॉर्डिनेटर के हस्ताक्षर हैं|
यह मामला मीडिया में आने के बाद कांग्रेस के प्रवक्ता दीपेंद्र सिं हुड्डा ने सफाई दी है| उन्होंने सोमनाथ मंदिर के दूसरे रजिस्टर की तस्वीर मीडिया के सामने रखते हुए कहा कि ये सही है, मीडिया में चल रही रजिस्टर की तस्वीर गलत है| उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने विजिटर बुक में मंदिर की तारीफ लिखी थी, न कि गैर हिंदुओं के रजिस्टर में एंट्री की थी|
|