|
|
पिछले दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के छुट्टियों पर जाने के बाद अब पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह छह महीने की छुट्टियों पर जा रहे हैं| उनकी छुट्टियां पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं| लोग जानने के इच्छुक हैं कि इस दौरान दिग्विजय सिंह क्या करेंगे| राहुल गांधी ने छुट्टियों पर जाने का ऐलान बाकायदा ट्वीटर के माध्यम से करते हुए लिखा था कि वह अपनी नानी और परिवार से मिलने जा रहे हैं| उनके इस ट्वीट को बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने तो राहुल का बचपना तक बता दिया था|
खबर है कि दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष से छह महीने की छुट्टी मांगी है| राहुल गांधी ने उनकी छुट्टियां भी मंजूर कर दी हैं| इसके बाद वह छह महीने राजनीति से दूर रहेंगे| राज्यसभा सांसद दिग्विजय 30 सितंबर से नर्मदा परिक्रमा शुरू कर रहे हैं, छह महीने तक चलने वाली इस यात्रा के लिए उन्होंने छुट्टी ली है|
इन छह माह की छुट्टियों के दौरान दिग्विजय सिंह 3300 किलोमीटर की नर्मदा परिक्रमा करेंगे| दिग्विजय सिंह की परिक्रमा 30 सितंबर को शुरू होगी| वो झोतेश्वर से नरसिंहपुर के बरमान खुर्द कार से जाएंगे| यहां पूजा-अर्चना के बाद नर्मदा परिक्रमा शुरू होगी| लंबी छुट्टियों पर जाने के दौरान दिग्विजय सिंह राजनीति से दूर रहेंगे लेकिन उनके पास कांग्रेस महासचिव का प्रभार बना रहेगा|
दिग्विजय सिंह के पास इस दौरान किसी राज्य का जिम्मा नहीं रहेगा| दिग्विजय सिंह ने इस यात्रा को राजनीति से नहीं जोड़ने की अपील की है| उन्होंने इसे आध्यात्मिक यात्रा बताया है| हालांकि कुछ लोग इसे राजनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं| उनकी यह यात्रा गुजरात और मध्य प्रदेश से भी होकर गुजरेगी| गुजरात में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं वहीं मध्य प्रदेश में अगले साल होने हैं|
|