|
|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे गुरुवार को देश की पहली बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की नींव रखेंगे| बुलेट ट्रेन का ये प्रोजेक्ट अहमदाबाद से मुंबई तक का है| इस पर करीब करीब 1 लाख करोड़ रुपए का खर्च आएगा| दोनों नेता सुबह 10 बजे साबरमती रेलवे स्टेशन के पास एथलेटिक स्टेडियम में बुलेट ट्रेन की नींव रखेंगे|
सरकार की ओर से कहा गया है कि इस प्रोजेक्ट को निर्धारित समय से एक साल पहले यानी 2022 में पूरा कर लिया जाएगा| सबसे पहले दोनों देशों के बीच बुलेट ट्रेन को लेकर 2015 में समझौत हुआ था| इसके अनुसार जापान में चलने वाली बुलेट ट्रेन की तरह मुंबई से अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन चलाने को मंजूरी दी गई थी|
इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर शिंजो आबे का गले लगाकर स्वागत किया| इसके बाद शिंजो आबे को एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया| पीएम मोदी और शिंजो आबे रोड शो के बाद साबरमती आश्रम पहुंचे| इससे पहले पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भी इसी तरह अहमदाबाद में स्वागत किया था|
आबे की यात्रा से पहले भारत जापान रक्षा मंत्री स्तरीय वार्षिक वार्ता तोक्यो में हो चुकी है| इसमें सैन्य उपकरणों के संयुक्त उत्पादन, दोहरे उपयोग वाली प्रौद्योगिकी और यूएस-2 शिनमायवा विमान खरीदने के नयी दिल्ली के प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी|
रक्षा वार्ता के साथ दोनों पक्ष इस बात पर भी सहमत हुए थे कि मानव रहित जमीन पर चलने वाले वाहनों एवं रोबोट के क्षेत्र में अनुसंधान समन्वय के लिए तकनीकी विचार विमर्श शुरू किया जाए|
|