|
|
भारत म्यामां से भागकर बांग्लादेश पहुंचे रोहिंग्या मुसलमानों के लिए कल मानवीय सहायता भेजेगा| नई दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायुक्त सैयद मुअज्जम अली ने पिछले सप्ताह भारतीय विदेश सचिव एस जयशंकर से मुलाकात की थी और रोहिंग्या के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की थी|
भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी ने बताया, "भारतीय विमान कल मानवीय सहायता की पहली खेप लेकर पहुंचेगा| यह विमान दिन में 11 बजे चटगांव में उतरेगा|" भारतीय उच्चायुक्त हर्षवर्धन श्रृंगला राहत सामाग्री बांग्लादेश के सड़क परिवहन मंत्री ओबैदुल कादिर के सुपुर्द करेंगे| संयुक्त राष्ट्र के आकलन के अनुसार म्यांमार के रखाइन प्रांत में हिंसा के कारण 379,000 से अधिक रोहिंग्या मुसलमान भागकर बांग्लादेश पहुंचे हैं|
म्यांमार में हिंसा के कारण भाग रहे रोहिंग्या मुसलमानों के लिए आवाज उठाने में नाकामी को लेकर कड़ी आलोचना का सामना कर रहीं आंग सान सू की संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल नहीं होंगी| बीते 25 अगस्त को रोहिंग्या उग्रवादियों की ओर से किए गए हमलों के जवाब में म्यांमार की सेना ने अभियान शुरू किया जिसके बाद से करीब 379,000 रोहिंग्या बांग्लादेश की सीमा में दाखिल हो चुके हैं|
हिंसा ने सीमा के दोनों तरफ गंभीर मानवीय संकट पैदा कर दिया है| सू की पर यह वैश्विक दबाव बना है कि वह सेना के अभियान की निंदा करें| संयुक्त राष्ट्र ने इस अभियान को नस्ली संहार करार दिया है|
म्यांमार की सरकार के प्रवक्ता जॉ ह्ते ने कहा, स्टेट काउंसलर (सू की) संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल नहीं होंगी| प्रवक्ता ने फैसले के पीछे की वजह नहीं बताई लेकिन उन्होंने कहा कि देश के उप राष्ट्रपति हेनरी वान थियो सम्मेलन में शामिल होंगे जो अगले सप्ताह आयोजित होगा|
|