|
|
भारतीय सेना प्रमुख बिपिन रावत ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है| उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दो फ्रंट पर युद्ध की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता| उन्होंने कहा कि उत्तर में चीन और पश्चिम में पाकिस्तान से लड़ाई की संभावना को नकारा नहीं जा सकता|
डोकलाम में चीन से तनावपूर्ण स्थिति के समाप्त होने के एक हफ्ते के बाद उन्होंने यह बात कही| उत्तर की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चीन ने अपनी ताकत दिखाना शुरू किया है| चीन के संबंध में उन्होंने कहा, सलामी स्लाइसिंग, यानी धीरे-धीरे भूभाग पर कब्जा करना, और दूसरे की सहने की क्षमता को परखना, चिंता का विषय है| हमें इस प्रकार की धीरे धीरे उभरती स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए|
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि उत्तर की स्थिति के चलते पश्चिम से पाकिस्तान भी मौके का फायदा उठाना चाहे| यह पहली बार नहीं है जब चीन और पाकिस्तान को लेकर सेना प्रमुख ने इस प्रकार से दो फ्रंट पर युद्ध वाला बयान दिया है| यह दर्शाता है कि भारत सेना चीन के साथ पनपी स्थिति को लेकर कितनी संवेदनशील है| सेना प्रमुख का यह बयान तब आया है जब चीन में हाल ही भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सीमा पर विवादों को शांतिप्रिय ढंग से सुलझाने के लिए और प्रयासों पर बल दिया था| शी जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों के लिए यह जरूरी है कि हम सही रास्तों पर चलें|
|