|
|
|
| दलिया यानी सेहत का खजाना| दलिये का सेवन आपके स्वास्थ्य को कई तरह से फायदा पहुंचाता है| अमूमन लोग दलिये का सेवन नाश्ते में करते हैं| यदि आप रोज सुबह 50 ग्राम दलिये खाते हैं तो यह आपके शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद साबित होगा| दलिया विटामिन और प्रोटीन से भरपूर होता है| इसके अलावा इसमें लो कैलोरी और फाइबर भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है| दलिया एक ऐसा आहार है जो आपके शरीर में सभी पोषक तत्वों की मात्रा को पूरा करता है| सुबह में दलिया खाने से दिनभर के लिए जरूरी सभी तत्व पूरे हो जाते हैं| आगे पढ़िए प्रतिदिन दलिये के सेवन से होने वाले फायदे के बारे में विस्तार से|
कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करें
आजकल कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या आम है| दलिया में घुलनशील और अघुलनशील दोनों ही फाइबर पाए जाते हैं| शरीर में उच्च मात्रा में फाइबर होने से कोलेस्ट्रॉल की मात्रा नियंत्रित रहती है| जिससे व्यक्ति को हृदय रोग होने की संभावना न के बराबर रहती है| एक शोध से भी साफ हो चुका है जो लोग प्रतिदिन दलिये का सेवन करते हैं, उन्हें हृदय रोग होने की आशंका न के बराबर होती है|
वजन घटाएं
भागदौड़ भरी जिंदगी और आधुनिक जीवनशैली के बीच युवाओं में वजन बढ़ने की आम समस्या है| कार्बोहाइड्रेट की उचित मात्रा वाले दलिये को सुबह के समय नाश्ते में खाने से शरीर में पूर्ण आहार पहुंचता है| जिससे आपका वजन नियंत्रित रहता है| थोड़ी सी मात्रा में ही दलिये का सेवन करने से आप पेट को भरा हुआ महसूस करते हैं|
हड्डियों को दें मजबूती
आजकल हड्डियों में कमजोरी आम समस्या है| मैग्नीशियम और कैल्शियम का खजाना होने के कारण दलिये का नियमित सेवन हड्डियों को मजबूती प्रदान करता है| दलिया का नियमित सेवन करने वालों को उम्र दराज होने पर जोड़ों के दर्द की शिकायत नहीं होती| इसके अलावा दलिया खाने से पित्त की थैली में पथरी की समस्या भी दूर होती है|
डायबिटीज में असरकारक
दलिया और साबुत अनाज में मैग्नीशियम की भरपूर मात्रा होती है| मैग्नीशियम लगभग 300 प्रकार के एंजाइम बनाता है, खासतौर पर ऐसे एंजाइम जो इंसुलिन के बनने में मददगार होते हैं| साथ ही ये ग्लूकोज की जरूरी मात्रा को भी ब्लड तक पहुंचाते हैं| रोजाना दलिया का सेवन करने से टाइप-2 डायबिटीज होने की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है|
ब्रेस्ट कैंसर से बचाव
दलिये का सेवन महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाता है| आजकल यह महिलाओं में होने वाली सबसे बड़ी समस्या बन गई है| साबुत अनाज चाहे वह दलिया हो या कुछ और उसमें फाइबर पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है, जिससे ब्रेस्ट कैंसर होने की आशंका कम होती है| शोध से यह साफ हो चुका है कि फाइबरयुक्त अनाज से लंग, ब्रेस्ट, ओवेरियन कैंसर जैसे खतरनाक रोगों से निजात पाया जा सकता है|
हीमोग्लोबिन बढ़ाए
आयरन की कमी से शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो जाता है| हीमोग्लोबिन कम होने से शरीर में कमजोरी और थकान की शिकायत आम हो जाती है| दलिया आयरन का अच्छा स्रोत है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा को बैलेंस करता है| इसके अलावा दलिया शरीर के तापमान और मेटाबॉलिज्म को भी सही मात्रा में बनाए रखता है|
ऊर्जा का स्रोत
दलिये का सेवन करने वाले व्यक्ति दिनभर ऊर्जावान महसूस करता है| ऐसा दलिया में पाए जाने वाले कार्बोहाइड्रेट के कारण होता है| प्रतिदिन एक कप दलिया खाकर शरीर में विटामिन बी1, बी2, मिनरल्स, मैग्नीशियम, मैग्नीज आदि की पूर्ति की जा सकती है| इसमें मौजूद न्यूट्रिीएंट्स शरीर से एंटी-ऑक्सीडेंट को बाहर निकालकर कई बीमारियों से बचाते हैं|
क्या है दलिया
दलिया एक प्रकार का साबुत अनाज होता है जो शरीर को स्वास्थ्यवर्धक बनाता है| दलिया को बनाना और खाना बेहद आसान होता है| इसे दूध या फलों के साथ बनाया जा सकता है| आप मीठा या नमकीन दलिया भी बना सकते हैं| नाश्ते में दलिये का सेवन सबसे ज्यादा फायदेमंद बताया गया है| इसे पकाने से इसके पोषक तत्वों में किसी प्रकार की कमी नहीं आती|
|