Visitors online: 002

जानिए शंकर के अवतार आदि शंकराचार्य के जीवन की कुछ विशेष गाथायें

Home » Knowlege Box

भारतीय इतिहास में ऐसे कई महान व्यक्ति हुए हैं, जिनका जीवन ही उनका परिचय रहा है। उन्हें किसी विशेष परिचय की आवश्यकता नहीं होती। ऐसा ही एक संन्यासी बालक था जो एक दिन गांव-गांव भटकता हुआ एक ब्राह्मण के घर भिक्षा मांगने पहुंचा। तब उसकी आयु मात्र सात वर्ष की थी। वह ब्राह्मण के घर के बाहर पहुंचा और भिक्षा मांगी। लेकिन यह एक ऐसे ब्राह्मण का घर था जिसके पास खाने तक को कुछ नहीं था, तो वह भिक्षा कैसे देते। अंतत: ब्राह्मण की पत्नी ने बालक के हाथ पर एक आंवला रखा और रोते हुए अपनी गरीबी का वर्णन किया। उस महिला को यूं रोता हुआ देख बालक का हृदय द्रवित हो उठा। तभी उस बालक ने मन से मां लक्ष्मी से निर्धन ब्राह्मण की विपदा हरने की प्रार्थना की जिसके पश्चात प्रसन्न होकर महालक्ष्मी ने उस परम निर्धन ब्राह्मण के घर में सोने के आंवलों की वर्षा कर दी। यह थी उस अद्भुत बालक की कहानी, जो ना केवल इस कार्य से बल्कि अपने अनेक कार्यों से सृष्टि में जाना गया।

जगत् जननी महालक्ष्मी को प्रसन्न कर उस ब्राह्मण परिवार की दरिद्रता दूर करने वाले इस बालक का नाम "शंकर" था, जिसने दक्षिण भारत के कालाड़ी ग्राम में एक ब्राह्मण परिवार में ही जन्म लिया था। अपने इन्हीं कार्यों के कारण यह बालक आगे चलकर जगद्गुरु शंकराचार्य के नाम से विख्यात हुआ।शंकराचार्यजी का जन्म शिवगुरु नामपुद्रि के यहां विवाह के कई वर्षों बाद हुआ था। माना जाता है कि शिवगुरु नामपुद्रि वर्षों तक संतान सुख से वंचित थे, जिसके पश्चात उन्होंने अपनी पत्नी विशिष्टादेवी के साथ पुत्र प्राप्ति के लिए भगवान शंकर से प्रार्थना की। दोनों द्वारा कठोर तपस्या की गई जिसके बाद भगवान शिव ने प्रसन्न होकर उन्हें एक पुत्र का वरदान देने का फैसला किया, लेकिन एक शर्त पर। भगवान शंकर ने उन्हें स्वप्न में दर्शन दिए और कहा, वत्स! मैं तुम्हारी तपस्या से अत्यंत प्रसन्न हुआ और तुम्हें एक बालक का वरदान भी देता हूं लेकिन एक दुविधा है। तुम्हारे यहां जन्म लेने वाला दीर्घायु पुत्र सर्वज्ञ नहीं होगा और सर्वज्ञ पुत्र दीर्घायु नहीं होगा। तुम्हें दोनों में से किसी एक का चयन करना होगा। मांगो तुम कैसा वर चाहते हो। इस पर शिवगुरु ने सर्वज्ञ पुत्र पाने की मांग की। प्रसन्न होकर भगवान शिव ने कहा, वत्स! तुम्हें सर्वज्ञ पुत्र की प्राप्ति होगी। मैं स्वयं पुत्र रूप में तुम्हारे यहां अवतीर्ण होऊंगा। कुछ समय के पश्चात विशिष्टादेवी ने एक सुंदर से बालक को जन्म दिया जिसका नाम शंकर रखा गया लेकिन इस बालक के नाम के साथ भविष्य में अपने कार्यों की वजह से आचार्य जुड़ गया और वह शंकराचार्य बन गया। बहुत छोटी सी उम्र में ही शंकराचार्यजी के सिर से पिता का साया उठ गया था। वे अपनी माता के साथ ही रहते थे।

माना जाता है कि मात्र 2 वर्ष की आयु में ही बालक शंकराचार्यजी ने वेद, पुराण, उपनिषद्, रामायण, महाभारत आदि ग्रंथ कंठस्थ कर लिए थे। अपने शांत व्यवहार के कारण ही शंकराचार्यजी छोटी सी उम्र में संन्यास लेने की ठान बैठे थे, लेकिन अकेली माता का मोह उन्हें कहीं जाने नहीं देता था। परन्तु एक दिन उन्होंने निश्चय कर लिया कि हो ना हो वे संन्यास लेने के लिए जरूर जाएंगे। लेकिन जब मां द्वारा रोकने की कोशिश की गई तो बालक शंकर ने उन्हें नारद मुनि से जुड़ी एक कथा सुनाई। इस कथा के मुताबिक नारदजी की आयु जब मात्र पांच वर्ष की थी, तभी वे अपने स्वामी की अतिथिशाला में अतिथियों के मुंह से हरिकथा सुनकर साक्षात हरि से मिलने के लिए व्याकुल हो गए, लेकिन अपनी मां के स्नेह के कारण घर छोड़ने का साहस न जुटा पाए। इसीलिए वे कहीं भी जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, किन्तु उस काली रात ने उनके जीवन का एक बड़ा फैसला लिया। अचानक उस रात सर्पदंश के कारण उनकी मां की मृत्यु हो गई। इसे ईश्वर की कृपा मानकर नारद ने घर छोड़ दिया, जिसके बाद ही नारद मुनि अपने जीवन के असली पड़ाव तक पहुंच पाए थे। कथा सुनाकर बालक शंकर ने अपनी मां से कहा, मां, जब नारदजी ने घर का त्याग किया, तब वे मात्र पांच वर्ष के थे। यह तो ईश्वर का खेल था कि उनकी माता के ना चाहते हुए भी परिस्थितियों के आधार पर नारदजी जाने में सफल हुए। मां, मैं तो आठ वर्ष का हूं और मेरे ऊपर तो मातृछाया सदैव रहेगी।नन्हे बालक की बात सुनकर मां फिर से दुखी हो गईं। मां को समझाते हुए बालक शंकर बोला, मां, तुम दुखी क्यों होती हो। देखो मेरे सिर पर तो हमेशा ही तुम्हारा आशीर्वाद रहेगा। तुम चिन्ता मत करो। तुम्हारी ज़िंदगी के आखिरी पड़ाव पर मैं उपस्थित रहूंगा और तुम्हारे पार्थिव शरीर को अग्नि देने जरूर आऊंगा। इतना कहते हुए बालक शंकर ने घर से बाहर पांव रखा और संन्यासी जीवन में आगे बढ़ते चले गए। कहते हैं कि वर्षों बाद शंकराचार्यजी अवश्य ही माता की मृत्यु के समय उपस्थित हुए और उनके शरीर को अग्नि देने के लिए आगे बढ़ना चाहा लेकिन कुछ परंपरागत सिद्धांतों के चलते ब्राह्मणों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। ब्राह्मणों द्वारा शंकराचार्यजी को रोकने का एक ही तर्क था कि एक संन्यासी, जो कि सभी दुनियावी मोह-माया से मुक्त होता है, उसे अपनी खुद की मां से भी स्नेह नहीं रखना चाहिए। यह उसके संन्यासी जीवन पर अभिशाप के समान है। लेकिन तब शंकराचार्यजी ने उन्हें यह ज्ञात कराया कि उनके द्वारा ली गई प्रतिज्ञा उनके संन्यासी जीवन का हिस्सा नहीं थी। उन्होंने समझाया कि वह अपनी मां के प्यार के लिए नहीं बल्कि उन्हें दी गई प्रतिज्ञा का पालन करने के लिए अग्नि अर्पित करने आए हैं। उनकी यह प्रतिज्ञा तब ली गई थी जब उन्होंने संन्यास जीवन धारण भी नहीं किया था। इसीलिए वे किसी भी प्रकार का अधर्म नहीं कर रहे हैं। तत्पश्चात सभी ब्राह्मणों ने उन्हें ऐसा करने की आज्ञा प्रदान की। बाद में शंकराचार्यजी ने अपने घर के ठीक सामने ही अपनी मां के शव को अग्नि अर्पित की थी। कहा जाता है कि शंकराचार्यजी द्वारा इस प्रकार घर के सामने अंतिम संस्कार करने के बाद ही दक्षिण भारत के इस क्षेत्र में भविष्य में सभी घरों के सामने ही अंतिम संस्कार करने की रीति आरंभ हो गई। यह रीति आज भी इसी तरह से चल रही है।

जगद्गुरु शंकराचार्य के जीवन से जुड़ी एक और कथा इतिहास में प्रचलित रही है। यह कथा उनके भारत भ्रमण से जुड़ी है। कहते हैं कि आठवीं शताब्दी के दौरान आदि शंकराचार्यजी जब सांस्कृतिक दिग्विजय के लिए भारत भ्रमण पर निकले थे तब वे एक बार मिथिला प्रदेश से निकले थे। यहां वे मंडन मिश्र से मिले। मिलने के बाद दोनों के बीच करीब सोलह दिन तक लगातार शास्त्रार्थ चला। शास्त्रार्थ में निर्णायक मंडन मिश्र की धर्मपत्नी भारती को बनाया गया था। कहते हैं कि जब निर्णय की घड़ी पास आई तो अचानक देवी भारती को कुछ समय काम से बाहर जाना पड़ गया, लेकिन जाते समय उन्होंने दोनों विद्वानों को पहनने के लिए एक-एक फूल की माला दी और कहा, ये दोनों मालाएं मेरी अनुपस्थिति में आपकी हार और जीत का फैसला करेंगी। कुछ समय के बाद देवी भारती वापस लौटीं और निर्णय लेते हुए शंकराचार्यजी को विजयी घोषित किया। देवी भारती के इस निर्णय से सभी चकित रह गए और पूछा कि आखिरकार उनकी अनुपस्थिति में बिना किसी पहलू को परखे हुए उन्होंने कैसे इस प्रकार का निर्णय ले लिया। इस पर देवी भारती ने स्पष्ट उत्तर देते हुए कहा, जब भी किसी को चिंता होती है या क्रोध आता है तो वह उसे छिपा नहीं पाता। जब मैं वापस लौटी तो मैंने पाया कि मेरे पति के गले में डली हुई फूलों की माला उनके क्रोध के ताप से सूख चुकी है, जबकि शंकराचार्य जी की माला के फूल अब भी पहले की भांति ताजे हैं। वे आगे बोलीं, इससे यह स्पष्ट है कि शंकराचार्य की विजय हुई है और मेरा निर्णय गलत कदापि नहीं है। देवी भारती का फैसला सुनकर सभी दंग रह गए। सबने उनकी काफी प्रशंसा की।

शंकराचार्यजी को हम भगवान के अवतार की तरह इसलिए स्वीकार करते है, क्योंकि, जो महान कार्य उन्होंने अत्यंत अल्पायु में किए-वो एक साधारण मानव के लिए असंभव प्रतीत होते है। ये अद्वैत वेदान्त के प्रणेता, संस्कृत के विद्वान, उपनिषद व्याख्याता और हिन्दू धर्म प्रचारक थे। हिन्दू धार्मिक मान्यता के अनुसार इनको भगवान शंकर का अवतार माना जाता है। इन्होंने लगभग पूरे भारत की यात्रा की और इनके जीवन का अधिक भाग उत्तर भारत में बीता। चार पीठों (मठ) की स्थापना करना इनका मुख्य रूप से उल्लेखनीय कार्य रहा जो आज भी मौजूद है।

भारत की पवित्र भूमि पर सनातन धर्म का अद्वैतवाद का प्रचार यानि आत्मा और परमात्मा की एक ही है, प्राचीन काल से ही था। किंतु कालान्तर में जब भारत में बौद्ध और जैन धर्म के प्रसार और हिन्दू कर्मकांडों में आई विकृतियों के विरोध के कारण सनातन धर्म अपनी पहचान खोने लगा। इस के चलते हिंदू धर्म में भी वेदों के ज्ञान को नकारा जाने लगा। सनातन धर्म के अस्तित्व पर आए संकटकाल में ही आदि शंकराचार्य संकटमोचक के रुप में अवतरित हुए। वैशाख शुक्ल पंचमी यानि मई के शुभ दिन ही ऐसे ही कर्मयोगी आदि शंकराचार्य का आविर्भाव यानि जन्म दिवस मनाया जाता है।

आदि शंकराचार्य ने अल्पायु में ही अपने अलौकिक वैदिक ज्ञान और वेदान्त दर्शन से बौद्ध, मीमांसा, सांख्य और चार्वाक अनुयायियों कीवेद विरोधी भावनाओं को सफल नहीं होने दिया। आदि शंकराचार्य ने ज्ञान मार्ग के द्वारा ही न केवल बौद्ध धर्म और अन्य संप्रदायों के विद्वानों को शास्त्रार्थ में पराजित कर वेद धर्म का मान बढ़ाया बल्कि उन धर्म और संप्रदायों के अनुयायियों ने भी वैदिक दर्शन को स्वीकार कर लिया। ऐसा कर उन्होंने हिन्दू धर्म का पुर्नजागरण के साथ ही सनातन धर्म और वेदों को फिर से स्थापित और प्रतिष्ठित करने में अहम योगदान दिया। यही कारण है शंकराचार्य प्राचीन अद्वैतमत के प्रवर्तक कहलाए और उनके वैदिक दर्शन और अद्वैत मत शाङ्कर दर्शन या शाङ्कर मत कहलाया।

आदि शंकराचार्य के अद्वैत दर्शन के अनुसार ब्रह्म और जीव या आत्त्मा और परमात्मा एकरुप हैं। किंतु ज्ञान के अभाव में ही दोनों अलग-अलग दिखाई देते हैं। आदि शंकराचार्य ने परमात्मा के साकार और निराकार दोनों ही रुपों को मान्यता दी। उन्होनें सगुण धारा की मूर्तिपूजा और निरगुण धारा के ईश्वर दर्शन की अपने ज्ञान और तर्क के माध्यम से सार्थकता सिद्ध की। इस प्रकार सनातन धर्म के संरक्षण के प्रयासों को देखकर ही जनसामान्य ने उनको भगवान शंकर का ही अवतार माना। यही कारण है कि उनके नाम के साथ भगवान शब्द जोड़ा गया और वह भगवान आदि शंकराचार्य के नाम से प्रसिद्ध हुए।

शंकराचार्य ने उपनिषदों, श्रीमद्भगवद गीता एवं ब्रह्मसूत्र पर भाष्य लिखे हैं। उपनिषद, ब्रह्मसूत्र एवं गीता पर लिखे गये शंकराचार्य के भाष्य को 'प्रस्थानत्रयी' के अन्तर्गत रखते हैं। शंकराचार्य ने हिन्दू धर्म के स्थायित्व, प्रचार-प्रसार एवं प्रगति में अपूर्व योगदान दिया। उनके व्यक्तितत्व में गुरु, दार्शनिक, समाज एवं धर्म सुधारक, विभिन्न मतों तथा सम्प्रदायों के समन्वयकर्ता का रूप दिखाई पड़ता है। शंकराचार्य अपने समय के उत्कृष्ट विद्वान एवं दार्शनिक थे। इतिहास में उनका स्थान इनके 'अद्वैत सिद्धान्त' के कारण अमर है। गौड़पाद के शिष्य 'गोविन्द योगी' को शंकराचार्य ने अपना प्रथम गुरु बनाया। गोविन्द योगी से उन्हें 'परमहंस' की उपाधि प्राप्त हुई। कुछ विद्वान शंकराचार्य पर बौद्ध शून्यवाद का प्रभाव देखते हैं तथा उन्हें प्रच्छन्न बौद्ध की संज्ञा देते हैं।

उन्होंने आसेतु हिमालय संपूर्ण भारत की यात्रा की और चार मठों की स्थापना करके पूरे देश को सांस्कृतिक, धार्मिक, दार्शनिक, आध्यात्मिक तथा भौगोलिक एकता के अविच्छिन्न सूत्र में बाँध दिया। उन्होंने समस्त मानव जाति को जीवन्मुक्ति का एक सूत्र दिया-

दुर्जन: सज्जनो भूयात सज्जन: शांतिमाप्नुयात्।

शान्तो मुच्येत बंधेम्यो मुक्त: चान्यान् विमोच्येत्॥

अर्थात दुर्जन सज्जन बनें, सज्जन शांति बनें। शांतजन बंधनों से मुक्त हों और मुक्त अन्य जनों को मुक्त करें। अपना प्रयोजन पूरा होने बाद तैंतीस वर्ष की अल्पायु में उन्होंने इस नश्वर देह को छोड़ दिया।

 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links