Visitors online: 004

शशिकला के भतीजे दिनाकरन के खिलाफ FIR दर्ज, चुनाव चिह्न के लिए घूस देने का आरोप

Home » Headlines

एआईएडीएमके नेता शशिकला के भतीजे के खिलाफ केस दर्ज हो गया है| अनाद्रमुक के उप महासचिव टीटीवी दिनाकरन के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया|
 
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एआईएडीएमके नेता शशिकला के भतीजे टीटीवी दिनाकरन के खिलाफ भ्रष्टाचार और साजिश का केस दर्ज किया है और एक बिचौलिए सुकेश चंद्रशेखर को 1 करोड़ 30 लाख रुपये के साथ दिल्ली के होटल से गिरफ्तार किया है| जानकारी के मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर ने दिनाकरन से कहा था कि उसकी चुनाव आयोग में अच्छी पैठ है और वह एआईएडीएमके को उसका चुनाव चिह्न दिला देगा| बताया जा रहा है कि इसके लिए 60 करोड़ रुपये का सौदा हुआ| जिसमें से 1 करोड़ 30 लाख लेते हुए सुकेश पकड़ा गया| पूछताछ में सुकेश ने कहा कि ये पैसा दिनाकरन का है|
 
AIADMK का चुनाव चिह्न पौधे की दो पत्तियां हैं| जयललिता के निधन के बाद पार्टी में दो खेमे बन गए थे| एक खेमा शशिकला के नेतृत्‍व में जबकि दूसरा पूर्व सीएम ओ पन्‍नीरसेल्‍वम के नेतृत्‍व में है| दोनों खेमे चुनाव चिह्न पर दावा कर रहे हैं| आरके नगर उपचुनाव से पहले आयोग ने इस निशान को जब्‍त कर लिया|
 
राज्यसभा सदस्य शशिकला पुष्पा ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करके मतदाताओं को धन बांटने में कथित संलिप्तता को लेकर तमिलनाडु के आर के नगर उपचुनाव में अन्नाद्रमुक धड़े के उम्मीदवार टी टी वी दिनाकरन को अयोग्य ठहराने की मांग की|
 
उन्होंने कहा, ‘चुनाव आयोग ने गड़बड़ियों में संलिप्तता को लेकर टी टी वी दिनाकरन और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया.’ अन्नाद्रमुक से निष्कासित शशिकला ने चुनाव आयोग को उन परिस्थितियों के बारे में भी बताया जिनमें तत्कालीन मुख्यमंत्री जे जयललिता के निधन के बाद शशिकला नटराजन अन्नाद्रमुक की अंतरिम महासचिव बनीं तथा उनके भतीजे को दूसरा शीर्ष पद मिला. उन्होंने कहा, ‘टी टी वी दिनाकरन जिन्हें अम्मा ने निष्कासित कर दिया था, कभी प्राथमिक सदस्य नहीं थे लेकिन उन्हें शशिकला नटराजन के अंतरिम महासचिव बनने के बाद पार्टी का उपमहासचिव पद दिया गया.’ चुनाव आयोग द्वारा इस क्षेत्र में धन वितरण पर संज्ञान लेने के बाद आरके नगर उपचुनाव रद्द कर दिया गया|