|
|
दो महीने से भी ज्यादा समय से चल रहे डोकलाम विवाद का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकलने पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे पीएम मोदी की सफल कूटनीति करार देते हुए कहा कि यह पीएम की कूटनीतिक सफलता ही है कि चीन को अपने कदम वापस खींचने पड़े। वह यहां पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के 56 इंच के सीने का ही परिणाम है कि भारत ने चीन से बिना युद्ध लड़े युद्ध जीत लिया है और चीन को अपनी सेना डोकलाम से वापस हटानी पड़ी। इलाहाबाद में यमुना पार अरैल में स्थित महर्षि महेश योगी आश्रम में होम गार्ड्स द्वारा आयोजित नमामि गंगे जागृति यात्रा में आए मौर्य ने कहा कि आज गोली का जवाब गोला से देने की छूट हमारे वीर जवानों को किसी ने दी है, तो वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी है।
उन्होंने कहा कि यह हमारे प्रधानमंत्री की सफल कूटनीति का ही परिणाम है कि चीन को अपने कदम वापस खींचने पड़े और हमने बिना युद्ध किये ही युद्ध जीत लिया है। यह हमारे पीएम की अभूतपूर्व सफलता है। नमामि गंगे परियोजना के संदर्भ में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यह गंगा मैया की ही कृपा है कि गोमुख से लेकर गंगा सागर तक केवल कमल ही खिला हुआ है। उत्तराखंड में भाजपा है, उत्तर प्रदेश में भाजपा है, बिहार में भी अब भाजपा है और झारखंड में भाजपा है।
|