|
|
बलात्कार का दोषी बाबा गुरमीत राम रहीम रोहतक की जेल में बंद हैं। मीडिया की खबरों के मुताबिक राम रहीम को जेल में पूरा वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। जिस सेल में बाबा राम रहीम को रखा गया है उसमें एसी लगा है। उन्हें पीने का प्योरिफायर लगा है। यहां तक की जेल में राम रहीम के साथ एक सहायक भी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेल की बैरक में राम रहीम को नींद नहीं आई। वह पूरी रात टहलते रहे। उन्होंने जेल में सिर्फ आधी रोटी ही खाई है। इसके अलावा बताया यह भी जा रहा है कि उन्हें उनके ही कपड़े पहने रहने की इजाजत दी गई है जबकि नियमों के मुताबिक जेल में कैदियों को वहां के कपड़े पहनने होते हैं। रेप मामले के दोषी को राज्य सरकार और जेल प्रशासन द्वारा इस प्रकार की छूट दिए जाने पर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।
बता दें कि पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 2002 के बलात्कार के एक मामले में शुक्रवार को दोषी करार दिया, जिसके बाद पंजाब एवं हरियाणा में उनके समर्थकों ने व्यापक हिंसा और आगजनी की और प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने गोली चलाई। हिंसा में 30 लोगों की मौत हो गई और 250 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसके बाद यहां और कई स्थानों पर कर्फ्यू लगा दिया गया। सीबीआई अदालत का फैसला आने के कुछ ही घंटे के भीतर दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों की हिंसा और आगजनी की खबरें आने लगी।
सीबीआई अदालत के जज जगदीप सिंह ने डेरा सच्चा सौदा के 50 वर्षीय प्रमुख राम रहीम को 2002 में एक अनाम लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए मामले में बलात्कार का दोषी करार दिया। शिकायत में उन पर दो महिला अनुयायियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। रिपोर्ट के आधार पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर उनके खिलाफ दिसंबर, 2002 में मामला दर्ज किया गया था। सीबीआई के वकील एचपीएस वर्मा ने अदालत के बाहर संवाददाताओं से कहा कि राम रहीम को सजा 28 अगस्त को सुनाई जाएगी। उन्हें इस मामले में कैद की सजा सुनाई जा सकती है जो सात साल से कम नहीं होगी। इसे उम्रकैद तक बढ़ाया जा सकता है।
|