|
|
मशहूर वकील राम जेठमलानी अरविंद केजरीवाल का केस छोड़ सकत हैं| बता दें कि वित्त मंत्री अरुण जेटली की तरफ से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दर्ज किए गए सिविल और आपराधिक मानहानि केस में जेठमलानी केजरीवाल के वकील है| इसके अलावा जेठमलानी ने केजरीवाल से अपनी फीस भी मांगी है|
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक जेठमलानी ने सीएम को एक खत भी लिखा है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि केस पर निजी चर्चा के दौरान जेटली के खिलाफ केजरीवाल उनसे भी ज्यादा आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं| जेठमलानी ने केजरीवाल से उनकी कानूनी फीस भी देने को कहा है| जेठमलानी की फीस 2 करोड़ रुपए से ज्यादा है| दिल्ली सरकार ने इससे पहले फरवरी में जेठमलानी की 3.5 करोड़ रुपए की फीस भरी थी| राम जेठमलानी केजरीवाल की तरफ से 11 बार अदालतों में पेश हुए| जेठमलानी ने इसके लिए 1 करोड़ रुपये का रिटेनर और प्रति सुनवाई 22 लाख रुपये की फीस ली थी|
बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट से कहा कि उन्होंने अपने खिलाफ दायर मानहानि के मामले में केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों का इस्तेमाल करने का वकील राम जेठमलानी को निर्देश नहीं दिया था|
केजरीवाल व अन्य 5 आप नेताओं के खिलाफ 10 करोड़ के मानहानि मामले की सुनवाई के दौरान वकील जेठमलानी ने जेटली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी| जेटली ने इसके बाद जेठमलानी से यह पूछा था कि क्या उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल अपने क्लाइंट केजरीवाल के निर्देश पर किया था. केजरीवाल के वकील जेठमलानी ने हां में जवाब दिया था और इसके बाद जेटली ने सीएम के खिलाफ एक और मानहानि का मुकदमा कर दिया|
|